थानागद्दी। कोतवाली केराकत क्षेत्र के मई (टउवा) गांव में जमीन विवाद में एक अधिवक्ता के परिवार पर हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता तेजबहादुर सिंह का आरोप है कि उनके पट्टीदारों ने न केवल उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की, बल्कि विरोध करने पर परिजनों के साथ मारपीट की और असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के अनुसार रवींद्रनाथ, नारायन प्रसाद, ना हर और रंजना देवी के साथ उनका जमीन का मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि 17 फरवरी की सुबह विपक्षी चार-पांच अज्ञात लोगों के साथ उनके घर में घुस गए और बाउंड्रीवाल के अंदर खोदाई शुरू कर दी। जब घर पर मौजूद जितेंद्र बहादुर सिंह और रणजीत बहादुर सिंह ने उन्हें रोका तो उनके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने असलहा निकालकर जान से मारने की धमकी दी। घटना के समय अधिवक्ता स्वयं जौनपुर सिविल कोर्ट में थे। अधिवक्ता का आरोप है कि घटना के दिन ही पुलिस चौकी थानागद्दी में शिकायत की गई थी लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार शाम को पुनः केराकत थाना प्रभारी को तहरीर दी गई। इस संबंध में थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि चार नामजद और चार-पांच अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।