धर्मापुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के भदेवरा गांव में रविवार को पटवारी की जमीन पर पेड़ काटने से रोकने पर मना करने पर मनबढ़ों ने एक परिवार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसमें तीन गंभीर रूप से घायल हो गए, इसमें दो का सिर फट गया। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के भदेवरा गांव निवासी धर्मेंद्र राजभर एवं रविंद्र राजभर में बंटवारे का विवाद काफी दिनों से चल रहा है। शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे इसी बंटवारे के जमीन पर लगे पेड़ को रविंद्र राजभर ने कटवाना शुरू कर दिया। जानकारी होने पर धर्मेंद्र अपने बेटे राजीव के साथ रोकने आ गया। इसी बात से खुन्नस खाए रविंद्र राजभर व हरेंद्र ने पास में रखी कुल्हाड़ी से धर्मेंद्र के परिवार पर हमला कर दिया। हमले से राजीव राजभर(20), धर्मेंद्र राजभर (46) व शिवांगी (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। राजीव और शिवांगी का सिर फट गया। सूचना पर मौके पर डायल 112 व थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस में तीनों घायलों को सीएचसी भेजवाया। उपचार के बाद घायल धर्मेंद्र राजभर ने थाने पर पहुंचकर तहरीर दी। बताया कि मनबढ़ जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर फूलचंद पांडेय ने बताया कि तहरीर पर रविंद्र राजभर व हरेंद्र के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।