बक्शा। नौपेड़वा बाजार में एटीएम बदलकर एक बुजुर्ग के खाते से एक लाख 55 हजार सात सौ रुपये निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सिकरारा थाना क्षेत्र के लेधुआ रीठी गांव निवासी रमापति तिवारी ने बक्शा थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि वह बीते 20 मई को रुपये निकालने के लिए नौपेड़वा बाजार स्थित एटीएम पर गए थे। वहां पहले से मौजूद एक अज्ञात जालसाज ने मदद करने के बहाने धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। पीड़ित को इस बात का अहसास नहीं हुआ और वह बिना रुपये निकाले ही घर लौट गए। पीड़ित का खाता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (यूबीआई) की अहमदाबाद, गुजरात शाखा में है।
जालसाज ने एटीएम बदलने के बाद पीड़ित के खाते से किस्तों में कुल 1,55,700 रुपये पार कर दिए। भुक्तभोगी को इस धोखाधड़ी की भनक तब तक नहीं लगी, जब तक कि उन्होंने बैंक जाकर अपने खाते का स्टेटमेंट नहीं निकलवाया। खाते से बड़ी रकम गायब देख पीड़ित के होश उड़ गए। इसके बाद पीड़ित तत्काल बक्शा थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी।
बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि जालसाज की पहचान की जा सके। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।