जौनपुर। सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा रविवार को जिले के 14 केंद्रों पर होगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए 6163 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें अधिकांश परीक्षार्थी दूसरे जनपदों के है। परीक्षार्थी गर्मी के कारण शहर में एसी रूम वाले होटल खोजते नजर आए।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा ने बताया कि 31 मई को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज की ओर से आयोजित सहायक आचार्य परीक्षा 2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक कर परीक्षा की तैयारियों, कानून व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, परीक्षा केंद्रों पर सुविधाओं एवं मजिस्ट्रेट ड्यूटी की समीक्षा कर अंतिम रूप दिया गया। सभी विभाग को आपसी समन्वय एवं गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय, सीसी टीवी कैमरा, प्रकाश व्यवस्था एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की गई। सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा अवधि के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे। एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को परीक्षा की निगरानी के लिए लगाया गया।