जौनपुर। जिले के आकांक्षी विकास खंड रामपुर और मछलीशहर में संचालित योजनाओं की प्रगति और उनके भौतिक सत्यापन को लेकर सोमवार को शासन से नामित नोडल अधिकारियों ने समीक्षा की।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की मौजूदगी में हुई बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत सुविधाओं और वित्तीय समावेशन समेत निर्धारित सूचकांकों पर विभागवार प्रगति की जानकारी ली गई। नोडल अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने और योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। आकांक्षी विकास खंड रामपुर के लिए राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी प्रेम प्रकाश, सदस्य न्यायिक, राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश और मछलीशहर के लिए नामित नोडल अधिकारी रघुवीर, विशेष सचिव उत्तर प्रदेश सरकार ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में सामने आने वाली कमियों को दूर कर निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों और सुझावों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।