आलमगंज। फेसबुक पर पहले दोस्ती हुई और फिर वह प्रेम में बदल गया। प्यार परवान चढ़ा तो युवक छात्रा से मिलने उसके कॉलेज पहुंच गया। पहले तो खुद को छात्रा का भाई बताया, मगर बाद में लोगों को शक हुआ तो कड़ाई से पूछताछ में सच्चाई सामने आई। युवक-युवती दोनों ही अलग-अलग धर्म के हैं। सूचना पर पहुंची रामपुर थाने की पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। छात्रा के पिता की तहरीर पर छानबीन में जुटी है।
रामपुर बाजार स्थित एक कॉलेज में भदोही जिले का एक युवक शनिवार को कॉलेज में पहुंचकर छात्रा से बातचीत कर रहा था। जानकारी जब कॉलेज के प्राचार्य को हुई तो उन्होंने युवक से उसकी पहचान पूछा। युवक ने खुद को छात्रा का भाई बताया। शक होने पर प्राचार्य ने सूचना छात्रा के परिजनों सहित रामपुर पुलिस को दी। पुलिस ने जब युवक की पहचान छात्रा के भाई के रूप में कराना चाहा तो छात्रा भड़क उठी। खुद को युवक की ओर से कई दिनों से फेसबुक के जरिए परेशान होने की बात कहने लगी। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान भदोही कोतवाली थानांतर्गत मर्यादपट्टी गांव निवासी के रूप में बताई। पुलिस युवक को लेकर थाने पर पहुंची। छात्रा के पिता की तहरीर पर जांच पड़ताल में जुट गई। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष रामपुर अश्वनी दुबे ने बताया कि पिता की तहरीर पर जांच पड़ताल की जा रही है।