बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में पूर्वांचल युवा महोत्सव में नृत्य प्रस्तुत करते कलाकार। स्रोत : आ
नगर के बीआरपी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को पूर्वांचल युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान महोत्सव में कलाकारों ने नृत्य, गायन के साथ कलाकारों ने कार्यक्रम में समां बांध दी। इसके अलावा मेंहदी, चित्रकला जैसे 80 कार्यक्रमों में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महोत्सव में शहीदों के परिजनों व विभिन्न कार्यक्रमों के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
उत्तर प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि पूर्वांचल युवा महोत्सव जैसे आयोजन से युवाओं की अपनी प्रतिभा, कला निखारने का एक बड़ा मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यही युवा इस मंच से आगे बढ़ते हुए प्रदेश व देश में जिले का नाम रोशन करेंगे। महोत्सव के प्रतिभागी युवाओं को कौशल निखार में हर प्रकार के सहयोग के लिए मैं हमेशा तत्पर रहूंगा। विशिष्ट अतिथि कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय ने कहा कि जौनपुर हमारा मायका है और यहां पर इतना बड़ा आयोजन होना हमारे लिए गर्व की बात है। यह महोत्सव पूर्वांचल के कलाकारों को प्लेटफार्म देकर उनकी कला का प्रदर्शन निखारने का बड़ा मौका है। स्वागत आयोजन समिति की महामंत्री निवेदिता राय ने किया। इस मौके पर इंद्रभान सिंह, ज्ञानप्रकाश पाठक, संजय सिंह, महेंद्र, अजय दुबे, प्रो.समर बहादुर सिंह, अशोक दुबे, उपेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे। संचालन अविनाश दुबे व आभार आयोजक डाॅ.दिनेश तिवारी ने व्यक्त किया।