राष्ट्रीय योग्यता परीक्षा-अनुराग यादव। परिजन
जौनपुर। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में जिले के मेधावियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय मैनुद्दीनपुर के छात्र अनुराग यादव ने 180 में से 172 अंक प्राप्त कर पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में इस वर्ष जौनपुर के कुल 352 छात्रों का चयन हुआ है। मैनुद्दीनपुर विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश सिंह ने बताया कि अनुराग के अलावा प्रीतम पाल (162 अंक) ने जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। साथ ही बबीता गुप्ता, शिवांश, भास्कर खरवार और वैशाली ने भी सफलता पाई है। पिछले चार वर्षों में इस अकेले विद्यालय के 29 छात्र यह परीक्षा पास कर चुके हैं। चयन होने पर प्रत्येक छात्र को कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई के लिए कुल 48,000 रुपये की सरकारी छात्रवृत्ति मिलेगी।