जौनपुर। उप्र राज्य एनएचएम एएनएम कर्मचारी यूनियन के बैनर तले सैकड़ों एएनएम कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मुन्नी यादव के नेतृत्व में दोपहर दो से चार बजे तक चले प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने सीएमओ डॉ. गंगाराम गौतम को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि संविदा एएनएम ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण समेत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों को संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कोरोना काल में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। कई कर्मचारी 10 साल से अधिक समय से सेवा दे रही हैं, लेकिन अब तक स्थायीकरण नहीं किया गया। कर्मचारियों ने सेवा शुरू होने से स्थायीकरण तक समान काम के लिए समान वेतन के आधार पर बकाया वेतन, भत्ते और अन्य लाभ देने की मांग की। प्रदेशभर में लंबित वेतन और टीवीआई, अनमोल एचआरपी, फाइलेरिया व पोलियो के भुगतान जल्द कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्थायीकरण की मांग पर सरकार कर्मचारियों को वार्ता के लिए बुलाकर समाधान करे। मांगें पूरी नहीं होने पर चारबाग रेलवे स्टेशन से विधानसभा तक मार्च निकालने की चेतावनी दी। इस दौरान आशा देवी, सावित्री, मीरा देवी,गीता, अनिता, शीला आदि मौजूद रहीं।