शाहगंज। अरंद गांव के नहर के पास रविवार की रात मुठभेड़ के बाद एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके पैर में गोली लगी है। अंधेरा के चलते उसके साथी फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी गई।
अरंद गांव में शाहगंज, खेतासराय व एसओजी की संयुक्त टीम को पशु तस्करों के होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी की तो तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली एसओजी टीम प्रभारी आदेश कुमार त्यागी के बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय की जवाबी गोली एक तस्कर के दाहिने पैर में लगी। पुलिस ने घायल हारुन उर्फ पप्पी (35) निवासी अढनपुर सरपतहां को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से एक पिकअप व चार पशु, एक खोखा, एक तमंचा, दो कारतूस व मोबाइल बरामद किया। घायल तस्कर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां से उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि तस्कर के फरार साथियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर की भी कार्रवाई भी की गई है।