02- मीरगंज क्षेत्र के भटहर स्थित प्राथमिक विद्यालय छुट्टा पशुओं के बंद होने से विद्यालय के बाहर खड?
- फोटो : JAUNPUR
मीरगंज। छुट्टा पशुओं से आजिज आकर ग्रामीणों ने मंगलवार को प्राथमिक पाठशाला सरायदेवा में हांक कर बंद कर दिया। बच्चों को स्कूल से बाहर कर दिया गया। उन्हें बिना पढ़े ही वापस लौटना पड़ा। दिन में 11 बजे पुलिस ने पशुओं को बाहर किया।
मीरगंज थाना क्षेत्र के भटहर, दीनापुर व सरायदेवा के निवासी 24 से अधिक छुट्टा पशुओं को हांककर ले गए और प्राथमिक स्कूल सरायदेवा में बंद कर दिया। विद्यालय में तालाबंदी के चलते सुबह नौ बजे स्कूल पहुंचे अध्यापकों व बच्चों को गेट के बाहर खडा होना पड़ा। नाराज ग्रामीणों का कहना है कि छुट्टा पशु फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अध्यापकों के निवेदन के बाद भी ग्रामीण कुछ सुनने को तैयार नहीं थे।
प्रधानाध्यापक शैलेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी शैलपति यादव तथा पुलिस को दी। सूचना पर 11 बजे मीरगंज थानाध्यक्ष अरविंद वर्मा पुलिस के साथ पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत करके स्कूल का ताला खोलने को कहा। मगर गांव वाले कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। पुलिस नेे सरायदेवा के प्रधान जितेंद्र सिंह व भटहर के प्रधान के बेटे सिंटू मौर्या को बुलाकर ग्रामीणों को समझाने के लिए कहा। पर ग्रामीण कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। उसके बाद पुलिस ने रिकार्डिंग करनी शुरू और ग्रामीणों को मुकदमा लिखने की चेतावनी दी। उसके बाद ग्रामीण वहां से जाने लगे। पुलिस ने ताला खोलकर पशुओं को बाहर निकाला। स्कूल में ताला बंद होने के कारण बच्चे बिना पढ़ाई किए ही घर लौट गए। प्रधानाध्यापक ने बताया की पशुओं के कारण परिसर की बागवानी बरबाद हो गई है।