जलालपुर। लगातार नौ दिनों से शिक्षकों के कार्य बहिष्कार से पठन-पाठन ठप होने से आजिज छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को बयालसी पीजी कॉलेज के गेट पर ताला जड़ दिया। कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष पन्नेलाल ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर गेट का ताला खुलवाया।
बयालसी पीजी कॉलेज के शिक्षक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान कॉलेज में पढ़ाई सहित अन्य गतिविधियां पूरी तरह ठप हैं। दूर-दराज से आ रहे छात्र-छात्राओं को वापस लौटना पड़ रहा है। कॉलेज प्रबंधन इस समस्या को सुलझाने का प्रयास कर रहा है और न ही प्रशासन की ओर से कोई पहल की जा रही है। विवि की मुख्य परीक्षा नजदीक आने के बाद भी पढ़ाई ठप रहने से आजिज छात्र-छात्राएं मंगलवार को आंदोलित हो गए। मुख्य गेट पर ताला जड़कर नारेबाजी की। उनके रुख को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन से जुड़े लोग मौके पर आने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सूचना पर एसओ पन्नेलाल पहुंचे। उन्होंने समझा-बुझाकर ताला खुलवाया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में प्राचार्य व छात्रों के बीच वार्ता हुई। प्राचार्य ने आश्वासन दिया कि गुरुवार से हर हाल में सभी कक्षाएं सुचारु रूप से चलेंगी, इसके लिए अगर अलग से शिक्षकों की व्यवस्था करनी पड़ेगी तो भी कदम उठाया जाएगा। इस मौके पर प्रिया सिंह, बबिता यादव, प्रियंका, जुबली, सोनम, सुमन, संदीप,आकाश पटेल, शिव कुमार, शिव सहारे, सौरभ पटेल, नीतू विश्वकर्मा, श्वेता भारती, जय सोनकर, लव गिरी, ध्रुव कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे। इस संबंध में प्राचार्य अखिलेश चंद सेठ ने बताया कि महाविद्यालय के धरनारत प्राध्यापकों से पिछले दो दिन से चल रही वार्ता को प्रबंध समिति के सामने रखा गया है। जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा।