शहर में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने से गुस्साए लोगों ने देर रात अधीक्षण अभियंता आरएन सिंह के हाइडिल कालोनी स्थित आवास पर तोड़फोड़ की और पथराव कर उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान कर्मचारियों से लोगों की नोकझोंक भी हुई। उधर तोड़फोड़ और पथराव की घटना से नाराज कर्मचारी धरने पर बैठ गए।
उन्होंने तोड़फोड़ करने वालों की गिरफ्तारी की मांग की है। मंगलवार की रात हुई इस घटना से दोनों ही ओर से लोग गुस्से में है। उधर 24 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद शहर अभी तक अंधेरे में है। सुबह से अब तक लोग परेशानियां झेलते तंग आ गए और एसई आवास पहुंच कर अपना गुस्सा उतारा।
हुसैनाबाद स्थित हाइडिल में बिजली स्टोर करने वाली सीटी में सोमवार की शाम अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि आसपास के पेड़ पौधों की पत्तियां तक झुलस गईं। सीटी जलने के चलते सोमवार की शाम गुल हुई बिजली के दर्शन मंगलवार की शाम तक नहीं हुए।
पूरे दिन काम करने के बाद बिजलीकर्मियों ने दोपहर बाद तक सीटी मरम्मत का काम पूरा कर लिया लेकिन आपूर्ति बहाल नहीं की गई। शहर के अलावा आसपास के गौराबादशाहपुर, धर्मापुर, मुफ्तीगंज, पचहटिया, नईगंज आदि इलाकों में पूरे दिन बिजली गुल रही।