क्षेत्र के रानीमऊ गांव में रविवार की दोपहर एक युवक ने परिजनों की डांट-फटकार से आहत होकर जहर खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्राम प्रधान राकेश राजभर ने बताया कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ गांव निवासी विवेक कुमार (24) पुत्र अमर रविवार की दोपहर किसी पारिवारिक बात को लेकर परिजनों की डांट-फटकार से आहत हो गया। नाराज युवक ने घर में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। घबराए परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज लेकर पहुंचे। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डाॅ. हरिओम मौर्या ने बताया कि युवक ने जहरीली दवा का सेवन किया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक किरन कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।