कदम रसूल छोटी लाइन इमामबाड़ा में तोड़फोड़ के बाद विरोध कर रहे लोगों को समझाती पुलिस। वीडियो ग्रै
जौनपुर। जिले के भंडारी रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित ‘कदम रसूल छोटी लाइन इमामबाड़ा’ में बुधवार को अराजक तत्वों ने घुसकर तोड़फोड़ की। होली के पर्व के दौरान हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। बुधवार को जब शहर होली के जश्न में डूबा था, तभी कुछ अराजक तत्वों ने सुनसान इलाके का फायदा उठाकर इमामबाड़े के पिछले गेट का ताला तोड़ दिया। पंजतनी कमेटी के अध्यक्ष शाहिद मेंहदी के अनुसार, अराजक तत्वों ने अंदर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया और धार्मिक स्थल के भीतर तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, सीओ सदर देवेश कुमार, और सीओ मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। देर रात फोरेंसिक एक्सपर्ट्स और एसओजी की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सूचना पर शिया धर्मगुरु मौलाना महफूजुल हसन खान, मौलाना सफदर हुसैन जैदी और अन्य गणमान्य लोगों ने पहुंचकर जिला प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों को शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। सौहार्द बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल कमेटी की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज व अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।