टीडी कालेज मैदान में भाजपा के सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का स्वागत करते क्षेत्र के सांसद।
काशी प्रांत के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह लोगों को रोजी-रोटी का सपना दिखा गए। अपने करीब 30 मिनट के भाषण में उन्होंने जहां यूपी को बदहाल प्रदेश बताया वहीं भाजपा के शासन वाले प्रांतों में हुए विकास का गुणगान किया।
उन्होंने कहा कि यूपी में रोजगार का साधन न होने के कारण यहां के युवा बूढ़े मां बाप को घर छोड़कर दूसरे प्रांतों में नौकरी के लिए जाते हैं। जबकि जिन प्रांतों में भाजपा की सरकार है वहां ऐसी स्थिति नहीं है।
भाजपा शासित प्रांतों में दूसरे राज्यों से आने वाले बेरोजगारों को भी रोजी रोटी मिल जाती है। यूपी की सत्ता भी अगर भाजपा के हाथ में आई तो यह यहां की यह बदहाली दूर हो जाएगी। इसके लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं को मुट्ठी बंधवाकर हनुमानजी की कसम दिलाई।
और संकल्प दिलाया कि आने वाले 2017 के विधानसभा चुनाव में वे भाजपा को सत्ता में लाने के लिए हर बूथ पर कमल खिलाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि यूपी के नागरिक बदहाल जीवन जी रहे हैं। इसे भाजपा की सरकार ही बदल सकती है।
उन्होंने कहा कि सपा भूमि गबन की सरकार हो गई है। मथुरा कांड का जिक्र करते हुए कहा कि वहां सरकार ने पहले भूमि कब्जा करवाया फिर खाली कराना हुआ तो जौनपुर का लाल शहीद हो गया। प्रदेश में घोटालों का तांता लगा हुआ है।
छात्रवृत्ति, जननी सुरक्षा, बाबू खनन समेत कई घोटालों का उल्लेख किया। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद सबसे अधिक नीम कोटेड यूरिया और बिजली का उत्पादन हुआ है।
एक लाख करोड़ से अधिक रुपये अब तक प्रदेश सरकार को विकास के लिए केंद्र सरकार ने दिया है। उन्होंने कहा कि हम यूपी में ऐसी सरकार बनाना चाहते हैं जो रोजी रोटी दे सके। यूपी से सपा और बसपा को उखाड़ फेंकने का दम सिर्फ भाजपा में ही है।