मोलनापुर गाँव में बिजली से मृत किशोर की फाईल फोटो। परिजन
जौनपुर। जिले में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट बदली, जिससे तपती गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। बृहस्पतिवार आधी रात से ही आसमान में बादलों का डेरा जमा रहा और शुक्रवार सुबह हुई बूंदाबांदी ने फिजा में ठंडक घोल दी। हालांकि, इस खुशनुमा मौसम के बीच एक दुखद घटना भी घटी। मीरगंज क्षेत्र के मोलनापुर गांव में सुबह शौच से लौट रहे एक 17 वर्षीय किशोर अजीत चौहान की बिजली गिरने से मौत हो गई। वह 11वीं का छात्र था। मौसम विभाग के अनुसार, तेज पछुआ हवाओं के चलते अधिकतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों की उमस भरी गर्मी के बाद ठंडी हवाओं और रुक-रुक कर हुई बारिश ने लोगों को सुकून दिया है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मीरगंज : मोलनापुर गांव में बिजली गिरने से अजीत चौहान (17) पुत्र ज्ञानपति चौहान की मौत हो गई। वह नागरिक इंटर कॉलेज जंघई में 11वीं का छात्र था। परिवार के लोगों के मुताबिक सुबह सात बजे वह खुले में शौच करने गया। वहां से वह मोबाइल चलाते हुए लौट रहा था। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी के बीच अचानक बिजली गिरी। इससे वह झुलस गया और मोबाइल भी ब्लास्ट हो गया। परिजन तत्काल इलाज के लिए मछलीशहर ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। शव घर लाने पर एक रिश्तेदार ने बताया कि अभी वह जीवित है, इलाज के लिए मड़ियाहूं ले चलो। इसके बाद परिजन मड़ियाहूं ले गए लेकिन वहां भी चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। अजीत चौहान तीन भाई और एक बहन मे सबसे छोटा था। भाई योगेंद्र और जितेंद्र, बहन मालती और मा शकुंतला का रो-रो कर बुरा हाल है। तहसीलदार मछलीशहर रवि रंजन ने बताया कि बिजली गिरने से झुलसे अजीत की मौत हुई है। लेखपाल की रिपोर्ट मिल गई है। मौसम के रुख को देखते हुए किसानों की चिंता बढ़ गई है। आसमान में घने बादल छाए रहने और बेमौसम बारिश की आशंका से खेतों में तैयार खड़ी फसलों पर संकट मंडराने लगा है। इस समय इलाके में गेहूं, चना और सरसों की फसल पककर तैयार हो चुकी है। कई किसानों ने कटाई की तैयारी भी कर ली है लेकिन मौसम के बदले रुख ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेरने का खतरा पैदा कर दिया है। सुबह से ही बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी की आशंका ने किसानों को बेचैन कर दिया है। किसानों का कहना है कि यदि इस समय बारिश होती है तो गेहूं की फसल गिर सकती है और दाने काले पड़ने की आशंका बढ़ जाएगी। वहीं चना और सरसों की फसल को भी भारी नुकसान हो सकता है। इससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। किसान रामनाथ, मेवालाल, राम अधार बताते हैं कि पूरी मेहनत और लागत लगाने के बाद जब फसल तैयार होती है, तभी इस तरह का मौसम सबसे ज्यादा चिंता का कारण बनता है। कई किसान अपने खेतों पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द से जल्द कटाई कराने की कोशिश में जुटे हैं। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय मौसम में अचानक बदलाव फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने और मौसम पर नजर रखने की जरूरत है। मछलीशहर : तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। दो घंटे तक हल्की बारिश हुई, जबकि बादल दिन भर छाए रहे। बरईपार : सकरा, रामपुर कपूरपूर, जीरकपुर, बरईपार और धनौआं समेत कई गांवों में शुक्रवार सुबह अचानक बेमौसम हुई। महज एक घंटे की हल्की बारिश ने गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया है, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
मोलनापुर गाँव में बिजली से मृत किशोर की फाईल फोटो। परिजन
मोलनापुर गाँव में बिजली से मृत किशोर की फाईल फोटो। परिजन
मोलनापुर गाँव में बिजली से मृत किशोर की फाईल फोटो। परिजन