विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के तहत पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बैनर के साथ
मल्हनी। भारत सरकार के विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय मड़ियाहूं की छात्राओं ने मंगलवार को पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर का शैक्षणिक भ्रमण किया।
छात्राओं ने आधुनिक प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिक उपकरणों और विभिन्न विभागों में संचालित शोध गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि पुस्तकों का नियमित अध्ययन ज्ञान का आधार है। इससे विद्यार्थियों की समझ और दृष्टिकोण व्यापक होता है। केवल पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पढ़ी गई बातों पर आत्मचिंतन और मनन करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त जानकारी के लिए ऑनलाइन मीडिया और डिजिटल संसाधनों का उपयोग किया जा सकता है लेकिन पुस्तकों के अध्ययन की अपनी अलग महत्ता है। कुलपति ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्राओं को महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इंजीनियरिंग और मेडिकल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को एनसीईआरटी की पुस्तकों का गहन अध्ययन करना चाहिए। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. मिथिलेश सिंह ने विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। संवाद