संवाद न्यूज एजेंसी बरसठी। बारीगांव में बिना टेंडर कराए लाखों रुपये का भुगतान किए जाने का मामला सामने आया है। गांव निवासी राकेश मिश्रा ने मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत कर वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में कराए गए कार्यों के टेंडर और उनसे संबंधित भुगतानों की जांच कराने की मांग की है। आरोप है कि दोनों वित्तीय वर्षों में गांव में कराए गए विकास कार्यों के टेंडर का नियमानुसार अखबारों में प्रकाशन नहीं कराया गया। इसके बावजूद अभिलेखों में टेंडर प्रक्रिया पूरी दिखाकर संबंधित कार्यों का भुगतान करा लिया गया। प्रधान और सचिव पर नियमों की अनदेखी कर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने दोनों वित्तीय वर्षों के टेंडर प्रकाशन की प्रतियां, निविदा की अंतिम तिथि और भुगतान से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है। दोनों वर्षों के टेंडरों को मिलाकर 50 लाख रुपये से अधिक के गबन का आरोप है। एडीओ पंचायत प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी है। मामले की जांच कराई जाएगी, अगर आरोप सही मिला तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।