केराकत कोतवाली क्षेत्र के एक भाजपा नेता के खिलाफ बलिया निवासी सेवानिवृत्त फौजी ने बेटे की नौकरी के नाम पर पांच लाख 85 हजार रुपये की ठगी व धोखाधड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने डीएम, एसपी व क्षेत्राधिकारी केराकत से सोमवार को न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित कार्रवाई के लिए अधिकारियों के यहां चक्कर लगा रहा लेकिन आठ माह बीतने के बाद भी उसे न्याय नहीं मिल रहा।
बलिया निवासी पीड़ित हरिनारायण मिश्र ने बताया कि केराकत तहसील के एक गांव के रहने वाले भाजपा नेता ने एक साल पहले बेटे की नौकरी लगवाने के नाम पर उससे बैंक के माध्यम से पांच लाख पचासी हजार रुपये लिए थे। उसने उच्च अधिकारियों, देश के बड़े नेताओं प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व अन्य केंद्रीय मंत्रियों के साथ की कई फोटो दिखाई। उसने बताया कि उसकी पहुंच बहुत ऊपर तक है। वह बेटे की नौकरी दो माह में लगवा देगा। दिया हुआ समय बीत जाने के बाद भी संपर्क करने का प्रयास किया तो वह आनाकानी करने लगा। वह कई माह तक दौड़ाते रहा। क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने बताया कि जानकारी मिली थी, संबंधित थाने से मामले को संज्ञान लेने को कहा गया है।