जौनपुर। केराकत नगर के मेंहदीतला मोहल्ले में करीब 100 परिवारों की पेयजल आपूर्ति के लिए लगाया गया इकलौता जीवित हैंडपंप आरोप है कि निजी सुविधा के लिए नगर पंचायत चेयरमैन ने उखाड़ दिया। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ लिया। बृहस्पतिवार को इस घटना से नाराज मोहल्ले के लोगों ने हैंडपंप स्थल पर एकत्र होकर प्रदर्शन कर विरोध जताया। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि नगर पंचायत के कर्मचारियों ने पहले हैंडपंप का ऊपरी हिस्सा और बोरिंग में लगी पाइप हटा ली। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो नगर पंचायत अध्यक्ष के निर्देश पर दूसरी जगह बोरिंग का काम शुरू किया गया लेकिन वह असफल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि चेयरमैन ने अपने निजी वाहन के आवागमन के लिए जान-बूझकर इस हैंडपंप को हटवाया। इससे अब पूरे मोहल्ले को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। घटना के बाद मोहल्ले के लोग एकजुट होकर इस कार्रवाई की निंदा कर रहे हैं। उधर, नगर पंचायत अध्यक्ष कृष्णा ज्योति जायसवाल ने बताया कि हैंडपंप में बालू आने के कारण उसकी मरम्मत के लिए खोला गया है। मरम्मत के बाद उसे पुन: लगवाया जाएगा।