फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आरोप : 400 ग्राम पाउडर दूध में 70 बच्चों को खिला दी गई खीर

विज्ञापन
विज्ञापन
करंजाकला। विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय मंगदपुर में मिड डे मील योजना में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में 400 ग्राम पाउडर के दूध में 70 छात्रों को खीर बनाकर खिलाई गई। इस पर ग्राम प्रधान राज कुमार सोनकर ने बीईओ श्रवण कुमार को पत्र लिखकर मामले की शिकायत की। प्रधान राज कुमार सोनकर ने आरोप लगाया कि विद्यालय में बच्चों को जो खीर दी जाती है, उसमें दूध और चीनी की मात्रा इतनी कम होती है कि उसका स्वाद भी खीर जैसा नहीं होता। दाल में पानी इतना अधिक होता है कि चावल पर पड़ते माड़ लगने लगता है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन देने के बजाय उन्हें कुछ भी खिलाया जा रहा है। इससे बच्चों को पोषण नहीं मिल रहा। प्रधान के अनुसार बच्चों की शिकायत है कि जब वे खाना मांगते हैं तो रसोई में कार्यरत महिलाएं उन्हें डांट देती हैं और कहती हैं कि खाना खत्म हो गया। मौसमी फल की बात करें तो महीने में केवल एक बार एक केला या फिर थोड़े से अंगूर ही बच्चों को थमा दिए जाते हैं। लंबे समय से इस तरह की लापरवाही मिड डे मील योजना में की जा रही है। प्रधान ने बताया कि जब ग्रामीणों ने गड़बड़ी की शिकायत उनसे की तो उन्होंने विद्यालय पहुंचकर जानकारी ली। प्रधानाध्यापक से जब उन्होंने बच्चों के भोजन और पोषण के व्यवस्था की जानकारी मांगी, तो प्रधानाध्यापक ने न केवल जवाब देने से इन्कार किया बल्कि दबंगई पर उतर आए। बाद में आरोप स्वीकार कर लिया। प्रधान राज कुमार सोनकर ने बताया कि मिड डे मील में हुई गड़बड़ी की शिकायत तत्काल खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार से की गई , लेकिन हैरानी की बात है कि अब तक कोई जांच या कार्रवाई नहीं हुई। इससे साफ जाहिर होता है कि शिक्षा विभाग भी इस भ्रष्टाचार में शामिल है। अफसर भी आंखें मूंदे बैठे हंै या भ्रष्टाचार को कहीं न कहीं से संरक्षण मिल रहा है। प्रधानाध्यापक शिवशंकर गुप्ता ने कहा कि ग्राम प्रधान की ओर से लगाए गए आरोप सही हैं। विद्यालय में दूध कम होने के कारण ऐसा हुआ था। हालांकि आगे ऐसा न हो यह सुनिश्चित किया जा रहा है। बच्चों की पोषण का पूरा ध्यान रखा जाता है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. गोरखनाथ पटेल ने कहा कि मंंगदपुर विद्यालय में मिड डे मील में हुई गड़बड़ी की जानकारी हुई है। बीईओ से मामले की जांच कराएंगे। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें