जौनपुर। महानगरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। लंबी दूरी के सभी ट्रेनों में सीटें फुल हैं, कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बन गई है। तत्काल टिकट भी सभी यात्रियों को नहीं मिल पा रही है। गोदान एक्सप्रेस, महानगरी एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में वेटिंग के साथ कई दिनों तक नो रूम की स्थिति बनी है।
गर्मी की छुट्टी व शादी विवाह समारोह में शामिल होने घर आए लोग अब महानगरों की ओर लौटने लगे है। इससे लंबी दूरी की सभी ट्रेनों में जहां वेटिंग 150 के पार पहुंच गई है, वहीं कई एक्सप्रेस ट्रेनों में नो रूम हो गया है। लोग सुबह से ही आरक्षण केंद्रों पर तत्काल टिकट के लिए भी नंबर लगा दे रहे हैं। स्लीपर से लेकर वातानुकूलित कोचों में एक-एक सीट हासिल करने के लिए लोगों को जद्दोजहद करनी पड़ रही है। आरक्षण केंद्र खुलते ही तत्काल टिकट खत्म हो जा रहा है। लोग कई दिन लगातार लाइन लगाकर लौट जा रहे हैं। स्लीपर और साधारण कोच में भीड़ उमड़ रही है।
मुंबई जाने वाली गोदान एक्सप्रेस में चार जून तक, गाजीपुर बांद्रा एक्सप्रेस में छह जून तक, महानगरी में एक जून तक, वाराणसी लोकमान्य सुपर फास्ट में 31 मई तक, कामायनी एक्सप्रेस में चार जून तक, दून एक्सप्रेस में 12 जून तक, दिल्ली जाने वाली सद्भावना में 5 जून तक, फरक्का एक्सप्रेस में 8 जून तक नो रूम की स्थिति है। अन्य ट्रेनों में वेटिंग भी 100 के पार पहुंच गई है। ऐसे में यात्रियों का सफर किसी मुसीबत से कम नहीं है। जौनपुर आरक्षण प्रभारी सुनील मिश्रा ने बताया कि शादी समारोह में घर आए लोग अब महानगरों की ओर वापसी कर रहे हैं। ऐसे में लंबी दूरी की सभी ट्रेनों में सीटें फुल हो गईं हैं। वेटिंग लिस्ट भी 100 के पार पहुंच गई। कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बन जा रही है। यह स्थिति जून के लास्ट सप्ताह तक बनी रहेगी।
जौनपुर जंक्शन पर स्थित आरक्षण काउंटर पर दो दिन मुंबई जाने के लिए तत्काल टिकट के लिए नंबर लगा रहे है, लेकिन टिकट नहीं मिल पा रहा है। अब मजबूरन चालू टिकट में जाना पड़ेगा। -राजेश मिश्रा, निवासी लाडनपुर जफराबाद
चेन्नई जाने के लिए जौनपुर आरक्षण केंद्र पर सुबह सात बजे तत्काल टिकट के लिए नंबर लगा दिया था। जैसे ही मेरा नंबर आया तो वेटिंग आ गया। टिकट के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। -संदीप चौहान, निवासी मुरारपुर