जौनपुर। अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर बुधवार को जिले में धनवर्षा हुई। सोने-हीरे के आभूषण के साथ ही ऑटोमोबाइल सेक्टर और रियल स्टेट में सुबह से लेकर रात तक खरीदारी हुई। कारोबारियों के अनुसार सराफा, ऑटोमोबाइल, रियल स्टेट समेत अन्य नए वस्तुओं की खरीदारी से बाजार में करीब 360 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है। एडवांस बुकिंग के तहत लोगों को ज्यादा मोल भाव नहीं करना पड़ा।
आकर्षक रूप से सजे शोरूमों पर सुबह से ही ग्राहकों के आने का क्रम शुरू हुआ जो रात तक बना रहा। आम दिनों में समय से पहले बंद होने वाली सराफा दुकानें और शोरूम भी देर रात तक खुली रहीं। आकर्षक ऑफर और छूट ने अधिकतर ग्राहकों का ध्यान खींचा। बालाजी ज्वेलर्स के अधिष्ठाता शुभम सेठ ने बताया कि वर्तमान समय में 97 हजार 241 रुपये में 10 ग्राम सोना है जो पिछले साल 72 से 73 हजार के पास था। ग्राहकों की बजट में आने वाले सबसे अधिक सोने की अंगूठी व सिकड़ी की खरीदारी की जा रही है। इसमें सबसे ज्यादा 10 ग्राम के अंदर के आभूषण की खरीद की गई। ऑटोमोबाइल सेक्टर से कीर्ति कुंज ग्रुप के सीएमडी नन्हे लाल वर्मा ने बताया कि अक्षय तृतिया पर जिले में ऑटोमोबाइल सेक्टर में करीब 90 करोड़ का कारोबार हुआ है। इसमें करीब 250 चार पहिया वाहन बिके। श्री नारायण ऑटो के अधिष्ठाता आशीष रस्तोगी ने बताया कि उनके शोरूम से छह बुलेट की बिक्री हुई है। पाठक होंडा के अधिष्ठाता भास्कर पाठक ने बताया कि उनके दो शोरूम को मिलाकर 220 दो पहिया वाहन बिके। वेंक्टेश्वर हीरो एवं हुंडई के महाप्रबंधक एसपी शुक्ला ने बताया कि करीब 100 से अधिक वाहनों की डेलिवरी की। शहर के प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारी कीर्ति कुंज ज्वेलर्स, विमल छगनलाल ज्वेलर्स, 91.6 गोल्ड पैलेस, गहना कोठी, टाटा तनिष्क ज्वेलर्स, अग्रवाल ज्वेलर्स कनिष्क ज्वेलर्स, उमाशंकर ज्वेलर्स आदि प्रतिष्ठानाें में लोगों ने जमकर खरीददारी की। सर्राफा कारोबारी विनीत सेठ ने बताया कि इस बार का बाजार पिछले दो वर्षों के मुकाबले बहुत अच्छा रहा। आने वाला समय भी इस सेक्टर का अच्छा है। अभिजीत मुहूर्त में लोगों ने खूब खरीददारी की।
जिला जौनपुर सराफा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमर जौहरी ने बताया कि चहारसू चौराहा, हनुमान घाट, कलेक्ट्री कचहरी, कोतवाली चौराहा, ओलंदगंज, ग्रामीण क्षेत्रों में शाहगंज में कोतवाली में, केराकत में गोलाबाजार, खेतासराय कस्बा, मड़ियाहूं, मछलीशहर, बदलापुर क्षेत्रों में करीब 3300 सराफा की छोटी और बड़ी दुकानें हैं। जिलेभर में करीब 360 करोड़ का कारोबार हुआ है। इसके अलावा जिलेभर की सभी तहसीलों में 10 करोड़ की कुल 34 रजिस्ट्री हुई है।