जिला प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के तहत अखिलेश यादव लखनऊ से बाबतपुर आएंगे। वहां से सड़क मार्ग के जरिए दोपहर पौने एक बजे मछलीशहर के जमालपुर गांव में पूर्व विधायक स्व. ज्वाला यादव के घर पहुंचेंगे। वहां शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद वह सीधे चकमिर्जापुर आएंगे।
पौने दो बजे वह यहां पहुंचेंगे और पीड़ित परिवारीजनों से मिलकर घटना के बारे में जानकारी लेंगे। इसके बाद वह अपराह्न पौने तीन बजे शहर के मीरमस्त मोहल्ला स्थित पूर्व हाजी अफजाल अहमद के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री जिले में ही रात्रि विश्राम भी कर सकते हैं। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। सपाई भी पूरे जोश के साथ कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की तैयारी में जुट गए हैं।
वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर में विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तीन दिनों के लिए पूर्वांचल दौरे पर गुरुवार को आएंगे। वे वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वाराणसी के सपा महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को 11:10 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबतपुर एयरपोर्ट पर आएंगे। 11:20 बजे पूर्वाह्न जौनपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। इसके बाद अगले दिन मिर्जापुर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। शनिवार को सीरगोवर्धन में संत रविदास मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। जयंती पर आयोजित लंगर छकने के बाद वे रवाना हो जाएंगे।