पंजाब में आतंकी हमले के बाद जिले में भी अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से सोमवार को दोपहर बाद रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड, दीवानी कचहरी, कलेक्ट्रेट, होटलों और सार्वजनिक स्थलों पर भी सघन तलाशी अभियान
चलाया गया। रेलवे और बस स्टेशनों पर यात्रियों के बैग भी खंगाले गए। एसपी के निर्देश पर अधिकारी अलग अलग टोलियों में तलाशी में जुटे हैं। स्टेशनों पर डलागस्क्वायड के साथ भी जांच की जा रही है।
पंजाब में आतंकी हमले की की खबर लगते ही पुलिस समेत सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए। ऊपर से मिले निर्देश के बाद पुलिस के अधिकारी फोर्स के साथ शहर के प्रमुख स्थानों की ओर निकल पड़े।
आरपीएफ इंस्पेक्टर अवतार सिंह और जीआरपी के इंस्पेक्टर आरएन पांडेय ने अपने दल बल के साथ भंडारी जंक्शन और सिटी रेलवे स्टेशन पर सघन तलाशी अभियान चलाया।
यात्रियों के बैग तक खंगाले गए। रेलवे की पटरियों से लेकर स्टेशन के कोनो कोने जांच की गई। एसपी भारत सिंह यादव के निर्देश पर सीओ सिटी अभिषेक सिंह के नेतृत्व में दीवानी न्यायालय परिसर में भारी फोर्स के साथ जांच
पड़ताल की गई। पुलिस के जवानों ने न्यायालय परिसर में कोने कोने जांच की। रोडवेज डिपो परिसर और बसों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। नगर के कई प्रमुख होटलों में भी पुलिस ने जांच पड़ताल की। एसपी भारत सिंह यादव
ने बताया कि पंजाब में हुई आतंकी घटना के बाद एहतियात के तौर पर सतर्कता बरती जा रही है। खुफिया एजेंसियां भी पंजाब की घटना के बाद से सतर्कता बढ़ा दी हैं।
धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियां शहर के प्रमुख स्थलों और हर गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।