तेजीबाजार थाना क्षेत्र के काधापुर (तरहरिया) गांव में अधजली मिलने के बाद घटना के संबंध में जानका
- फोटो : भाजपा के जिला कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में मौजूद भाजपाई।
बरईपार। तेजी बाजार थाना क्षेत्र के काधापुर (तरहरिया) गांव में बृहस्पतिवार की रात लापता हुए रामचरितमानस गायक और कथावाचक अशोक मिश्रा (70) का शव शुक्रवार की भोर में पांच बजे घर से लगभग 200 मीटर दूर नाले के किनारे अधजली अवस्था में मिला। पत्नी इसरावती ने पति के रिश्ते में लगने वाले चाचा और उनकी बहू पर हत्या कर शव जलाने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मृतक के चाचा और उनकी बहू (भयहू) को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामले की जांच करने में जुटी है।
पत्नी ने बताया कि उनके पति बृहस्पतिवार की रात भोजन करने के बाद करीब नौ बजे अपने बिस्तर पर सोने चले गए। वे गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने चली गईं। उन्होंने बताया कि देर रात घर लौटने पर उन्होंने देखा कि अशोक मिश्रा घर पर नहीं हैं।
इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार की भोर में करीब पांच बजे ग्रामीणों ने घर से लगभग 200 मीटर दूर नाले के किनारे उनका शव अधजली अवस्था में देखा।
शव के पास एक बोतल मिली जिसमें पेट्रोल की महक आ रही थी सूचना मिलते ही तेजीबाजार पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। इसरावती देवी ने जमीन के विवाद का हवाला देते हुए पड़ोसी और पति के चाचा लक्ष्मी नारायण (70) और भयहू शकुंतला देवी (65) पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया। साथ ही मुंबई में रह रहे शकुंतला देवी के बेटे चंद्रेश मिश्रा के भी खिलाफ फोन पर धमकी देने का आरोप लगाया।
आरोप लगाया कि उनके पति की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। तेजी बाजार थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल ने बताया कि लक्ष्मी नारायण और शकुंतला देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।