मिीरगंज। क्षेत्र के एक गांव से गायब एक किशोरी को मीरगंज पुलिस ने 10 घंटे के अंदर बरामद करके आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। किशोरी बगल के गांव में शनिवार हाईस्कूल की परीक्षा देने गई थी। आरोप है कि गोधना गांव का एक युवक उसे बहला फुसलाकर भगा ले गया। किशोरी के भाई ने मीरगंज पुलिस को अपहरण करने की तहरीर शनिवार की रात दी तो पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करके थानाध्यक्ष सुरेश सिंह ने टीम गठित कर दी। टीम में उपनिरीक्षक संदीप कुमार शर्मा, कांस्टेबल नौशाद हुसैन, महिला कांस्टेबल पारुल अग्रहरी को शामिल कर दिया। टीम ने तत्परता दिखाई। पुलिस को सूत्रों से पता चला कि युवक जंघई स्टेशन से किशोरी को लेकर कहीं भागने की फिराक है। भोर में पहुंची पुलिस टीम ने जंघई स्टेशन पर पहुंच कर किशोरी को बरामद कर लिया। आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार करके थाने लाई। किशोरी को मेडिकल के लिए भेजने के साथ ही युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।