जौनपुर। खुटहन के तिसौली गांव में बुधवार रात नवदंपती की मौत के मामले में पुलिस ने घटना की तस्वीर साफ कर दी है। पुलिस के अनुसार, पति गोविंद गौतम ने पहले अपनी पत्नी नेहा की गला दबाकर हत्या की। इसके बाद उसने खुद फंदे से लटककर जान दे दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि होने के बाद पुलिस उसी अनुसार अपनी आगे की कार्रवाई कर रही है। शनिवार को पिलकिछा घाट पर दोनों अंतिम संस्कार किया गया। गोविंद गौतम (22) की शादी 10 मई को नेहा के साथ हुई थी। शादी को अभी तीन महीने ही हुए थे। ग्रामीणों के अनुसार शादी के बाद से दाेनों में विवाद हो रहा था। बुधवार की रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और गुरुवार सुबह दोनों का कमरे में शव मिला था। पत्नी का शव बेड पर पड़ा था तो पति फंदे पर लटक रहा था। यह दृष्ट देखने के बाद से ही लोगों को अंदेशा था कि पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की होगी और उसके बाद फांसी पर लटक कर अपनी जान दे दी होगी। खुटहन थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोविंद की मौत का कारण हैंगिंग आया है तो वहीं उसकी पत्नी नेहा की मौत का कारण गला दबाना है। पुलिस इसी अनुसार अपनी आगे की कार्रवाई कर रही है।