मछलीशहर। तहसील अधिवक्ता राय साहब पटेल व सिविल कोर्ट के सूर्य मणि यादव के साथ एसओ पंवारा द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए वकीलों ने बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में नारेबाजी की। इस दौरान अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि थानाथ्यक्ष पंवारा व थाने के उपनिरीक्षक, सिपाही आए दिन अवैध कब्जा कराते व संबंधित व्यक्तियों को अपमानित करते रहते हैं। 14 नवंबर को थाने में शिकायत लेकर पहुंचे दो अधिवक्ताओं को भी अपमानित किया गया। धमकी देकर उनके विरुद्ध धारा 151 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई करके चालान कर दिया। अधिवक्ताओं ने इस कृत्य की निंदा करते हुए एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया को ज्ञापन देकर संबंधित पुलिस कर्मियों के निलंबन की मांग की। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद, महामंत्री बनवारी राम मौर्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय प्रकाश दुबे, अशोक श्रीवास्तव, राज कुमार पटवा, प्रेम बिहारी यादव, आरपी सिंह, इंदू प्रकाश सिंह, उमेश चंद्र श्रीवास्तव, भरतलाल यादव आदि मौजूद थे। इस मामले में पवारा थानाध्यक्ष राज नारायण चौरसिया ने बताया कि एक अधिवक्ता गौहानी के हैं, दूसरे खरुआंवा गांव के हैं। दोनों का अलग-अलग प्रकरण में अपने पट्टीदारों से जमीन का विवाद है। इसमें मारपीट हुई है। इसके बाद नियमानुसार दोनों पक्षों पर 151 की कार्रवाई की गई है। उधर, सिविल कोर्ट के अधिवक्ता सूर्यमणि यादव व राय साहब पटेल के साथ थानाध्यक्ष पंवारा द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। दिवानी अधिवक्ता संघ अध्यक्ष जितेंद्र नाथ उपाध्याय ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई करने की मांग की है।