दीवानी कचहरी परिसर में गुरुवार की भोर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसमें अधिवक्ताओं के नौ मड़हे, फर्नीचर, स्टांप वेंडर की गुमटी और उसमें रखे सामान जलकर राख हो गए।
आग की लपटें देख न्यायालय परिसर में तैनात पीएसी ने पुलिस व अग्नि शमन विभाग को सूचना दी। सूचना पाते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पहुंचकर आग पर काबू पाया।
इस दौरान आग बुझाने में दो पीएसी के जवान मूलचंद और राजनाथ झुलस गए। उधर आग लगने की जानकारी पाकर मौके पर प्रभारी जिला जज राधेश्याम यादव व एडीजे चतुर्थ बुधिराम यादव पहुंचे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था में रात में लगे चार चौकीदारों को निलंबित कर दिया गया। गुरुवार की भोर में दीवानी न्यायालय परिसर में स्थित अधिवक्ताओं के मड़हे में अज्ञात कारणों से आग लग गई।
आग की लपटें देख आसपास के लोग जुट गए थे। परिसर में मौजूद पीएसी के जवानों ने इसकी जानकारी तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। जानकारी पाते ही पुलिस व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची।
इसके बाद आग बुझाने का कार्य प्रारंभ किया। घंटों मशक्कत के बाद किसी तरह जब तक आग पर काबू पाया, तब तक अधिवक्ता तेजबहादुर सिंह, दुष्यंत सिंह, कृपाशंकर सिंह, अशोक कुमार सिंह, दानबहादुर सिंह, मनोज, विजय
श्रीवास्तव, विकास यादव, रमाशंकर यादव, कौशलेंद्र यादव, सुनील कुमार, रमेंद्रनाथ श्रीवास्तव, गुरुप्रसाद पांडेय आदि के मड़हे व उसमें रखे फर्नीचर तथा स्टांप वेंडर मुन्ना सिंह की गुमटी व उसमें रखे सामान जलकर नष्ट हो गई।
उधर मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी जिला जज राधेश्याम यादव ने रात में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात चार चौकीदार विनय यादव, आदित्य यादव, रबींद्र यादव और इंद्रबहादुर उपाध्याय को निलंबित कर दिया।