धर्मापुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के छबीलेपुर लखनपुर गांव में पुरानी रंजिश में एक अधिवक्ता पर हमला करने और गाली-गलौज व धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। थाना प्रभारी लाइन बाजार केके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सिविल कोर्ट जौनपुर के अधिवक्ता आनंद कुमार ने लाइन बाजार थाने में तहरीर देकर बताया कि वह अपने गांव छबीलेपुर में संचालित एकेडमी में फायर फाइटिंग मशीन लगवा रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते विपक्षी राज व कौशल, सहाना अंजू, सैदुन देवी और साक्षी पहुंचे और गाली-गलौज की। इन लोगों ने अधिवक्ता को गेट पर ही पीटा। शोर सुनकर वहां काम कर रहे मजदूरों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर अधिवक्ता को बचाया। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
मारपीट में चार पर प्राथमिकी दर्ज
चन्दवक। थाना क्षेत्र के महुली गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित सुरेश राम ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार शाम को सीमा, रीमा, आशीष व संजय ने उनकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद परिजनों घायल सुरेश राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत पहुंचाया। वहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के बाद शुक्रवार को लौटे पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर चारों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दो युवतियों समेत चारों नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।