जौनपुर। टीडी कॉलेज के बलरामपुर सभागार में महाविद्यालय की अनुशासन व्यवस्था के संबंध में जिला प्रशासन, महाविद्यालय की अनुशास्ता समिति एवं छात्र-छात्राओं की बैठक हुई। इसमें कहा गया कि कॉलेज में अनुशासनहीनता बरदाश्त नहीं की जाएगी।
प्राचार्य प्रो. आलोक कुमार सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में अनुशासनहीनता बरदाश्त नहीं की जाएगी। अराजकतत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुछ दिन पहले जिन अराजकतत्वों ने एक छात्र की पिटाई की थी उनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की गई है।
थानाध्यक्ष लाइन बाजार आदेश त्यागी ने कहा कि पठन-पाठन में रुचि लेने वाले छात्रों की मदद की जाएगी लेकिन जो कानून-व्यवस्था हाथ में लेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महिला थाना प्रभारी स्नेहा ने कहा कि कोई भी छात्रा अपने साथ हुए दुर्व्यवहार को महिला हेल्पलाइन पर वह सूचना दे सकती है। उसके नाम को गुप्त रखा जाएगा। मुख्य अनुशास्ता डॉ. राजीव रतन सिंह ने कहा कि अनुशासन महाविद्यालय की प्राथमिकता है। अनुशासनहीनता में 5 छात्रों निष्कासित भी किया गया है। अनुशासन मंडल के सदस्य डॉ. हरिओम त्रिपाठी डॉ. रीता सिंह, डॉ. जेपी सिंह, डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. जितेश् सिंह, डॉ. अवनीश सिंह, डा. विशाल सिंह, डा. अजय सिंह आदि उपस्थित रहे।