खुटहन।
पिलकिछा गांव के अस्पताल मार्ग निवासी रामसिंगार विश्वकर्मा ने अपनी छोटी बहू, उसकी मां सहित चार लोगों पर घर से 25 लाख रुपये से ज्यादा के गहने और दो लाख रुपये नकदी चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित रामसिंगार का आरोप है कि उनके छोटे बेटे दिव्यम विश्वकर्मा की शादी करीब छह साल पहले लाइन बाजार क्षेत्र के सीहीपुर गांव निवासी प्रवीण विश्वकर्मा की बेटी प्रज्ञा से हुई थी। दंपती की चार साल की एक बेटी है। उन्होंने बहू को बीडीएस की पढ़ाई भी कराई थी। आरोप है कि बीते मई महीने में डिग्री मिलने के बाद बहू के व्यवहार में बदलाव आने लगा। विवाद के बाद वह बेटी को लेकर मायके चली गई। राम सिंगार का आरोप है कि गत 10 अक्टूबर को प्रज्ञा अपनी मां किरन विश्वकर्मा और पृथ्वीराज विश्वकर्मा व देवी प्रसाद विश्वकर्मा के साथ ससुराल पहुंची। इस दौरान उन्हें बातचीत में उलझाए रखा गया और बहू व उसकी मां ने कमरे में रखी आलमारी से गहने और दो लाख रुपये नकदी निकालकर सूटकेस में रख लिए। आरोप है कि सूटकेस में उनकी बड़ी बहू के गहने भी रखे गए थे। राम सिंगार के मुताबिक, विरोध करने पर साथ आए दोनों व्यक्तियों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चारों आरोपी पीछे के रास्ते से चले गए। थाना प्रभारी विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।