जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के तिलंगा बाजार निवासी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे शिवम यादव ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर चेक बुक चोरी कर उस पर फर्जी हस्ताक्षर करके 20 लाख रुपये के दो चेक बैंक में लगाने और कथित तौर पर समझौते के नाम पर अवैध वसूली का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने बताया कि शिवम यादव के अनुसार, 31 मार्च को अभिषेक पटेल उर्फ सत्यम अपने एक मित्र के साथ उनके घर आया था। आरोप है कि इसी दौरान उनके बेड के नीचे रखे उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक की चेकबुक चोरी कर अश्वनी सिंह उर्फ सोनल को दे दिया। शिवम का दावा है कि उनके पास इसका ऑडियो और वीडियो साक्ष्य भी है। अश्वनी सिंह उर्फ सोनल और अवनीश कुमार सिंह उर्फ पवन ने मिलीभगत करके एक चेक पर सात लाख और दूसरे पर 13 लाख रुपये भरकर फर्जी हस्ताक्षर किए और उन्हें बैंक में प्रस्तुत किया। दोनों चेक 13 जुलाई को खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण बाउंस हो गए। शिवम का आरोप है कि उनका संबंधित लोगों से कोई लेन-देन नहीं हुआ है। चेकों का इस्तेमाल कर उन्हें मामले में फंसाकर समझौते के नाम पर रकम वसूलने के लिए किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में अश्वनी सिंह उर्फ सोनल निवासी काजीहद, थाना नेवढ़िया, अवनीश कुमार सिंह उर्फ पवन निवासी कमौली थाना चौबेपुर वाराणसी और अभिषेक पटेल उर्फ सत्यम निवासी मीरापुर बसही भोजूबीर वाराणसी को नामजद किया गया है।