सुईथाकला । सरपतहा थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को दो मासूम चचेरी बहनों के साथ दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसपी सिटी डॉ. अनिल पांडेय ने बताया कि दुष्कर्म का आरोपी गिरीश मुसहर को पुलिस ने रामनगर बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह कहीं भागने के फिराक में था। सरपतहा थाना क्षेत्र के एक गांव में की सात वर्षीय बालिका शनिवार को दोपहर अपनी पांच वर्ष की चचेरी बहन के साथ खेत की तरफ गई थी। जहां एक युवक दोनों को बहला फुसलाकर सरसों के खेत में लेजाकर दुष्कर्म किया। मासूम के चीखने चिल्लाने पर आस पास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े तो आरोपी फरार हो गया था। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश कर रही थी। रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दुष्कर्म का आरोपी रामनगर बाजार के पास मौजूद है। सूचना पर सीओ शाहगंज जितेंद दुबे, प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. अनिल पांडेय दोपहर तीन बजे घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मामले में शीघ्र विवेचना कर आरोप पत्र कोर्ट में प्रस्तुत कर पैरवी का निर्देश थानाध्यक्ष को दिया।
39 दिन में हुई थी उम्रकैद की सजा
सुईथाकला। मासूम के साथ दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी को महज 39 दिन में उम्रकैद की सजा दिलाने के मामले में सरपतहा थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया को गणतंत्र दिवस पर भारत सरकार की ओर से प्रशस्तिपत्र मिल चुका है। उनका दावा है कि इस मामले में भी उनका प्रयास होगा कि आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए। थाना प्रभारी विजय कुमार चौरसिया वर्ष 2018 में वाराणसी के जैतपुर थाने के प्रभारी थे। उसी दौरान वहां एक गांव में सात वर्ष की मासूम के साथ दुष्कर्म हुआ था। मामले में विवेचना पूरी कर उन्होंने पूरी सक्रियता के साथ पैरवी की और 39 महीने में ही आरोपी को उम्रकैद की सजा मिली थी।