जौनपुर। सभासद बाला लखंदर हत्याकांड का आरोपी जयदीपप्रकाश गायकवाड़ पेशी पर जाते समय शुक्रवार को कोर्ट से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। यह खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी डॉ.अजयपाल शर्मा ने फरार आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित करके रवाना कर दिया। एसपी ने पुलिस अभिरक्षा में लेकर जा रहे इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया वहीं दो सिपाहियों की जांच के आदेश दिए हैं।
बता दें कि एक फरवरी 2021 की रात करीब साढ़े आठ बजे सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर सैदनपुर गांव निवासी बाला लखंदर यादव को मौत के घाट उतार दिया था। परिवार वालों की तहरीर पर पुलिस ने मड़ियाहूं के ब्लॉक प्रमुख समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू किया था। जीआरपी पुलिस की जांच के बाद सैदनपुर गांव निवासी ओमचंद्र गुप्ता उर्फ पवन, उमेश गौड़, मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के रामपुरनदी गांव निवासी रितेश सिंह व महाराष्ट्र के सोलापुर के जयदीपप्रकाश गायकवाड़ को 10 फरवरी 2021 को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
पुलिस अभिरक्षा में शुक्रवार को जयदीपप्रकाश गायकवाड़ को दीवानी न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था, जहां वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस बाबत सीओ सिटी देवेश कुमार सिंह ने बताया कि पेशी पर आया आरोपी पुलिस अभिरक्षा में पेशी पर जाते समय फरार हो गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीम लगा दी गई हैं। लापरवाह कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
.....................................
वर्जन ...
पुलिस कस्टडी में लेकर जाने वाले इंस्पेक्टर अमित कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राम भरोसे को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही दो सिपाही समरजीत, दुर्गेश की अलग से जांच की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
-डॉ. अजयपाल शर्मा, एसपी।