जौनपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश संरक्षक रमेश सिंह व प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिलकर मूल्यांकन केंद्रों पर जलपान की धनराशि को हड़पने का ज्ञापन सौंपा। प्रदेश संरक्षक रमेश सिंह ने जिलाधिकारी को सचिव माध्यमिक शिक्षा के आदेश को दिखाते हुए अवगत कराया कि जनपद में पांच मूल्यांकन केंद्रों पर हाई स्कूल एवं इण्टर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से प्रारंभ होकर एक अप़ैल तक संपन्न होना है। बोर्ड सचिव द्वारा प्रत्येक परिक्षक को प्रति दिन 25 रुपये जलपान की व्यवस्था करने का आदेश दिया है। इसके बाद भी किसी भी मूल्यांकन केंद्र पर जलपान की व्यवस्था नहीं की गई। मूल्यांकन केंद्रों पर पीने का शुद्ध पानी तक नहीं उपलब्ध कराया गया। पांच मूल्यांकन केंद्रों पर करीब 4000 परीक्षक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रहे हैं। प्रति परीक्षक प्रति दिन 25 रुपये की दर से लगभग 12 दिन का लगभग 12 लाख रुपये मूल्यांकन केंद्रों द्वारा हड़प कर लिया जा रहा है। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि शिक्षकों का इतना बड़ा शोषण शिक्षक संघ बर्दाश्त नहीं करेगा। जिलाध्यक्ष तेरस यादव सहित सभी शिक्षक नेताओं ने मांग किया कि जलपान की यह धनराशि मूल्यांकन पारिश्रमिक के साथ प्रत्येक परिक्षक के खाते में स्थानांतरित कराना सुनिश्चित किया जाए। डीेएम ने इतनी बड़ी अनियमितता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य कोषाधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिए। इसके पहले ही जिलाध्यक्ष तेरस यादव एवं उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पूरे प्रकरण से अवगत कराया जा चुका है। ज्ञापन देते समय कोषाध्यक्ष हसन सईद, उपाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह, बृजेश सिंह उपस्थित रहे।