उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की पुलिस ने शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। उसने एक व्यक्ति से 18 लाख रुपये की ठगी की। रुपये मांगने पर वह धमकी देने लगा। जमीन दिलाने के नाम पर यह ठगी की गई थी।
Jaunpur News: जमीन बैनामा, सौर ऊर्जा संयंत्र और सरकारी आवास दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक वांछित अभियुक्त को चंदवक पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से एक व्यक्ति से करीब 18 लाख रुपये की ठगी की थी।
विज्ञापन
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि करीब चार माह पूर्व अभियुक्त अशोक यादव पुत्र स्वर्गीय शोभनाथ निवासी ग्राम तरांव, थाना चंदवक ने पीड़ित से सरकारी आवास, ऊर्जा संयंत्र और कास्तकारी जमीन दिलाने के नाम पर कुल 18 लाख रुपये की ठगी की थी। रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो कोई सुविधा उपलब्ध कराई और न ही धनराशि लौटाई।
पीड़ित द्वारा पैसा वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज और धमकी दी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी द्वारा दिए गए सभी दस्तावेजों को फर्जी, जाली और कूटरचित पाया। इसके बाद थाना चंदवक में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
विज्ञापन
पुलिस की लगातार तलाश के बाद गुरुवार को ग्राम अमुवार के पास अशोक यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।