जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में सोमवार को स्नातक के दो परीक्षार्थियों की मौत हो गई। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सुइथा पेट्रोल पंप के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार छात्रा की मौत हो गई,
जबकि बाइक चला रहा छात्र और पीछे बैठी दूसरी छात्रा घायल हो गई। शहर के टीडी कालेज के पास हुई दूसरी घटना में ट्रैक्टर की चपेट में आने से नेपाली मूल के एक छात्र की मौत हो गई। मड़ियाहूं की घटना से गुस्साए लोगों ने सुइथा
पेट्रोल पंप के पास जौनपुर-मड़ियाहूं मार्ग को जाम कर दिया। तहसीलदार ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया तो घंटे भर बाद जाम समाप्त हुआ।
मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बदौवां गांव निवासी स्व. गुलाब चंद्र मिश्र की पुत्री पूजा मिश्र (20) गांव की सहेली शीतल मिश्र (20) और उसी गांव के चंदन उपाध्याय के साथ मड़ियाहूं पीजी कालेज में स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षा देने जा
रहे थे। एक ही बाइक पर सवार होकर तीनों सुइथा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे तभी जौनपुर से मड़ियाहूं की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। बाइक पर सबसे पीछे बैठी पूजा ट्रक के पहिए के नीचे आ गई।
मौके पर उसकी मौत हो गई। जबकि शीतल और चंदन घायल हो गए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने पेट्रोल पंप के सामने जौनपुर-मड़ियाहूं मार्ग को जाम कर दिया। जानकारी मिलने के बाद सीओ बीके श्रीवास्तव, सर्किल के सभी थानों
की पुलिस मौके पर पहुंच गई। विधायक पति कमलाशंकर यादव, तहसीलदार रामजी मौर्य भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने सरकारी स्तर से सभी सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया, जबकि विधायक पति ने विधायक निधि
से और मुख्यमंत्री सहायता कोष से मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इस पर एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों का इलाज मड़ियाहूं के एक चिकित्सालय में कराया
गया। दूसरी घटना टीडी कालेज के पास हुई। नेपाल के गुनामी जिले के तन घाट थाना क्षेत्र के सिमीचौट निवासी प्रकाश भटराई मुक्तेश्वर महाविद्यालय में बीए का छात्र था। वह जगदीशपुर के पास अपने पिता के साथ रहकर पढ़ाई करता
था। उसके पिता महाशर्मा भटराई यहां एक कोल्ड स्टोर में नौकरी करते हैं। सोमवार को वह बाइक से परीक्षा देने जा रहा था। टीडी कालेज और मुक्तेश्वर डिग्री कालेज के मध्य में पहुंचा था तभी एक दूसरी बाइक के धक्के से असंतुलित होकर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे चला गया। घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई।