शाहगंज। फैजाबाद रोड स्थित रेलवे स्टेशन के गेट संख्या दो के समीप शुक्रवार को हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे में डीसीएम चालक सुनील की मौत से जहां पत्नी का सुहाग उजड़ गया, वहीं बेटे की तय शादी पर भी अब अनिश्चितता के बादल छा गए हैं। मृतक की पत्नी दुर्गावती देवी सुल्तानपुर में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं और परिवार के भरण-पोषण में पति का हाथ बंटाती हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। मृतक के दो बेटे हैं, बड़ा बेटा पवन यादव और छोटा शुभम यादव। बड़े बेटे की शादी आगामी 12 मई को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सारी खुशियां छीन ली। अब परिवार सदमे में है और शादी को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। एक ही घटना में परिवार के मुखिया के चले जाने से पूरे घर की जिम्मेदारी बेटों के कंधों पर आ गई है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों का घर पर तांता लगा हुआ है। सभी पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे।