शाहगंज। तहसील क्षेत्र की बड़गांव की महिला को रविवार की सुबह करीब 11 बजे नशीला पदार्थ खिलाकर बाइक सवार आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक पीड़ित विमला देवी (55) पत्नी राम नयन अग्रहरि घर से टेंपो से शाहगंज के पुराना चौक स्थित रिश्तेदार के यहां आ रही थीं। रोडवेज के समीप टेंपो से उतरने के बाद पीछे से आए बाइक सवार उचक्कों ने उनको घर पहुंचाने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद नशीला पदार्थ खिला दिया।
फिर खेतासराय स्थित एक कब्रिस्तान के पास बेहोशी की हालत में छोड़कर लगभग 50 हजार के गहने और दस हजार रुपये लेकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने बेहोश महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस पर परिवार के लोगों को जानकारी हुई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मनोज ठाकुर ने बताया मामला संज्ञान में है। सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।