जौनपुर। प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों के विलय के विरोध में आम आदमी पार्टी ने स्कूल बचाओ अभियान शुरू किया है। पार्टी के पूर्वांचल प्रांत प्रभारी डॉ.अनुराग मिश्र के नेतृत्व में मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय हरईपुर मियांपुर और प्राथमिक विद्यालय बशीरपुर जमैथा में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विद्यालयों पर पहुंचकर सांकेतिक रूप से काला टीका लगाया। स्कूलों को रक्षासूत्र बांधा। डॉ. अनुराग ने कहा कि सरकार विद्यालयों पर लगातार हमला कर रही है। आम आदमी पार्टी रक्षासूत्र बांधकर यह प्रण ली है कि हम बच्चों के भविष्य और उनके शिक्षा के अधिकार के लिए लगातार संघर्ष करेंगे। आम आदमी पार्टी का यह अभियान शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की कथित विफलताओं और निजीकरण की प्रवृत्ति के खिलाफ सशक्त आवाज उठाने का प्रयास है। प्रदर्शन में नारायण तिवारी, बंटी अग्रहरी, विद्याधर मिश्र, विजय सिंह बागी आदि शामिल थे।