मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। थानाक्षेत्र के सरोखनपुर गांव में शुक्रवार की शाम एक युवक का अपहरण हो गया। हालांकि पुलिस ने चार घंटे में ही युवक को बरामद कर लिया। साथ ही नामजद आरोपी समेत चार लोगों को पकड़ लिया, जिनसे पूछताछ कर रही है। सरोखनपुर गांव निवासी प्रभात शुक्ल ने दोपहर 12 बजे थाने में दी। अपने पुत्र देवांश शुक्ल उर्फ हर्ष (23) के अपहरण की आशंका जताई। उनके मुताबिक लगभग आठ माह पहले मध्य प्रदेश के सतना में जिले के ही पवांरा थाना क्षेत्र के भसोट गांव निवासी विशाल सिंह से लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। सतहरिया पुलिस चौकी प्रभारी दोनों पक्षों में समझौता कराने की कोशिश की लेकिन विवाद सुलझा नहीं। आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते विशाल सिंह और उसके भाई राहुल सिंह ने देवांश को मोबाइल फोन पर जान से मारने और उठा लेने की धमकियां दीं। इसकी शिकायत पर तत्कालीन थानाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर समझौते का प्रयास किया गया लेकिन विशाल सिंह बातचीत के लिए नहीं पहुंचा। प्रभात शुक्ल के मुताबिक छह मार्च की रात करीब नौ बजे देवांश अपने कुछ दोस्तों के साथ गजराजगंज स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गया। वहां अचानक राहुल सिंह अपने चार-पांच साथियों के साथ पहुंचा। राहुल ने बात करने के बहाने देवांश को बाहर बुलाया और जबरन एक वाहन में बिठाकर अज्ञात दिशा की ओर ले गया। उसके बाद से देवांश का कोई संपर्क या अता पता नहीं है। मोबाइल भी स्विच ऑफ है। प्रभात शुक्ल ने थाना प्रभारी से त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगलवाना शुरू किया। सीओ मछलीशहर प्रतिमा वर्मा ने बताया कि मामले में राहुल सिंह और अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है। साथ ही देवांश शुक्ल को सुजानगंज की सीमा से शाम चार बजे बरामद कर लिया गया है। मामले में राहुल समेत चार लोगों को पकड़ा गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।