केराकत। कोतवाली क्षेत्र के नालापार नाव घाट मोहल्ले से एक व्यक्ति के लापता होने के बाद पत्नी ने दो लोगों पर आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि दोनों लोगों ने उसके पति को घर से बुलाकर ले जाने गए थे। पीड़िता ने हत्या तक की आशंका जताते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। नालापार निवासी हीरामनी देवी पत्नी बंगाली निषाद ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया है। आरोप है कि उनके पति बंगाली निषाद इलेक्ट्रॉनिक वायरिंग का कार्य करते हैं। आरोप है कि 6 मई की रात करीब 9:30 बजे दो लोग उनके पति को काली मंदिर स्थित पान दुकान के पास से अपने साथ ले गए। पीड़िता का कहना है कि घटना सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई दे रही है, जिसमें दोनों आरोपियों के साथ उनके पति जाते नजर आ रहे हैं। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। पत्नी ने आरोप लगाया कि पूछने पर दोनों लोग सही जानकारी नहीं दे रहे हैं। उनके पति का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बता रहा है। महिला ने हत्या की भी आशंका जाहिर की है। पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर पति को बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। कोतवाली प्रभारी अरबिंद पांडेय ने बताया प्रार्थना पत्र मिला है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।