मल्हनी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खानपुर-अकबरपुर गांव में रविवार शाम दो युवकों पर जानलेवा हमला हुआ। आरोप है कि हमले में एक युवक के दाहिने पैर में गोली मारी गई तो दूसरे युवक को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया गया। पुलिस दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। खानपुर-अकबरपुर गांव निवासी महाजन ने बताया कि रविवार को उनके घर पर बेटी के विवाह का आयोजन था। शाम करीब 5:30 बजे परिवार के लोग विवाह में इस्तेमाल होने वाला लावा का सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ युवकों ने पुराने जमीन विवाद को लेकर हमला कर दिया। आरोप है कि मन्नालाल का पुत्र दीपक (18) पर फायरिंग की गई, जिससे उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं, हमलावरों ने छन्नालाल के बेटा पंकज (18) को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के लोग भी आरोपियों पर आरोप छेड़खानी का आरोप लगा रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। क्षेत्राधिकारी देवेश कुमार सिंह ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।