शाहगंज। रेलवे स्टेशन पर अपने दोस्त को ट्रेन में बैठाकर बाइक से घर लौट रहे युवक की आजमगढ़ मार्ग पर स्थित हाॅस्पिटल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आंबेडकरनगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के इन्हना गांव निवासी विवेक (22) पुत्र भारत अपने पड़ोसी बबलू को बाइक से स्थानीय रेलवे स्टेशन पर छोड़ने गए थे। दोस्त को ट्रेन में बैठाने के बाद वे घर लौट रहे थे। रास्ते में आजमगढ़ मार्ग पर स्थित हाॅस्पिटल के समीप अज्ञात वाहन से बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में विवेक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।