मछलीशहर के खजुरहट गांव में बिजली के टावर पर चढ़ा युवक(ग्रामीण)
मछलीशहर। जमीन के सौदे में बकाया पांच लाख रुपये नहीं मिलने से नाराज युवक बुधवार की सुबह खजुरहट गांव के पास ट्रांसमिशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। सूचना पर तहसील प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। रामपुर कलां निवासी रिंकू कश्यप का आरोप है कि खजुरहट निवासी प्रबुद्ध गौतम से जमीन का सौदा 17 लाख रुपये में तय हुआ था। बैनामा से पहले उसने 11 लाख रुपये दे दिए थे, जबकि पांच लाख रुपये बकाया रह गए थे। रिंकू के अनुसार वे कई बार बकाया रकम लेने के लिए प्रबुद्ध के घर गया, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे रिंकू खजुरहट गांव के पास ट्रांसमिशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। उसने बकाया रकम नहीं मिलने पर आत्महत्या करने की धमकी दी। सूचना पर तहसीलदार सुरेंद्र कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार शुभम गौतम, उपनिरीक्षक शिव कुमार सिंह, एसएसआई ओम प्रकाश यादव समेत पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। अधिकारियों ने करीब तीन घंटे तक युवक को समझाया। तहसील प्रशासन की ओर से बकाया रकम के मामले में समाधान कराने का भरोसा दिए जाने के बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुआ। नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। तहसीलदार ने बताया कि युवक को नीचे उतारने के बाद थाने लाया गया है। दूसरे पक्ष को भी बुलाया गया है। वार्ता कराकर समस्या का समाधान कराने की कोशिश है। संवाद