महराजगंज। स्थानीय बाजार से शुक्रवार को दोपहर एक साल के बच्चे को लेकर भाग रही जालसाज महिला का पीछा कर ग्रामीण और पुलिस ने सुजानगंज के पास से दबोच लिया। पुलिस ने बालक को उसके परिजनों को सौंप दिया और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के मजीठी गांव निवासी सरिता पत्नी हरिशंकर बिंद अपनी बड़ी बेटी सुधी, छोटी, नन्ही व एक साल के पुत्र विक्रम को लेकर अपनी बहन के घर जा रही थी। हरिशंकर ने पत्नी और बच्चों को महाराजगंज बाजार में छोड़ कर घर चले गए। सरिता यूनियन बैंक के सामने प्रयागराज शाहगंज मार्ग खड़ी होकर किसी सवारी का इंतजार कर रही थी। उसी दौरान जालसाज महिला पहुंच गई। उसने बताया कि वह भी धर्मदासपुर गांव जाएगी। इस दौरान उसने महिला के गोंद से बच्चे को लेकर दुलारने लगी। काफी देर तक कोई सवारी नहीं आई तो सरिता बच्चे को दूसरी महिला की ही गोंद में छोड़कर सड़क की तरफ झांकने चली गई कि कोई वाहन आ रहा है या नहीं। सड़क की तरफ से सरिता जैसे ही पीछे मुड़ी तो वहां न तो महिला थी और न ही उसका बच्चा। उसने शोर मचाया तो भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी ने बताया कि एक महिला बच्चे को लेकर सुजानगंज की तरफ जा रही जीप में सवार हो रही थी। इसी शक के आधार पर लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए पीछा कर लिया। जीप चालक सुजानगंज बाजार में मिला तो उसने बताया कि महिला को पीछे पेट्रोलपं के पास उतारा था। लोग लौटकर पंप के पास आए तो पता चला कि महिला बच्चे को लेकर गांव की तरफ पैदल जा रही है। पीछा करते हुए लोगोें ने मुंगर का पूरा गांव की दलित बस्ती के पास से महिला को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से बालक को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। जब कि जालसाज महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। महराजगंज चौकी इंचार्ज हरिश्चंद्र सिंह ने बताया कि हिरासत में ली गई महिला सुजानगंज के मुगरका पूरा गांव की ही निवासी है। उससे पूछताछ की जा रही है।