शाहगंज। शाहपंजा मोहल्ला निवासी महिला फरीदा सरवत युद्ध के चलते ईरान में फंस गई हैं। वह बीते 20 दिन पहले आजमगढ़ के 15 अन्य श्रद्धालुओं के साथ जियारत के लिए ईरान गई थीं, लेकिन अचानक उपजे युद्ध की स्थिति के कारण उनकी वापसी की उड़ान रद्द कर दी गई। इस संकट की घड़ी में महिला के परिजनों ने उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार से उनकी सुरक्षित वापसी की मांग की है।परिजनों ने बताया कि फरीदा सरवत पत्नी मोहम्मद नकी, मूल रूप से आजमगढ़ जनपद के सरायमीर की रहने वाली हैं। वर्तमान में शाहगंज के शाहपंजा मोहल्ले में रहती हैं। उनका ईरान से लौटने का कार्यक्रम दो दिन पूर्व था, लेकिन युद्ध की वजह से सभी उड़ानें निरस्त कर दी गईं। इससे वह वहां फंसी हुई हैं और परिजन बेहद चिंतित हैं।फरीदा सरवत के भाई सुलेमान अब्बास ने बताया कि बहन की स्थिति को लेकर पूरा परिवार भयभीत है। वहीं उनके बच्चों-बेटी अरीबा, बेटे अली, गाज़ी और वाहिद ने सरकार से आग्रह किया कि उनकी मां को जल्द से जल्द भारत लाया जाए।परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विदेश मंत्री और संबंधित अधिकारियों को पत्र व ईमेल के जरिए गुहार लगाई कि वे ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए त्वरित कदम उठाएं।